जेनी प्रकरण में हरक सिंह का नया दावा! बेटे के पिता को लेकर बताया ‘बबलू’ का नाम

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून : उत्तराखंड के चर्चित जेनी प्रकरण में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। करीब 23 साल पुराने इस मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने अब जेनी के बेटे के पिता को लेकर नया दावा किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पुराने रिकॉर्ड में बच्चे के पिता का नाम ‘बबलू’ दर्ज है।

हरक सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दून अस्पताल के रिकॉर्ड में बच्चे के पिता के नाम के आगे बबलू लिखा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बबलू मूल रूप से बरेली का रहने वाला था। देहरादून आने से पहले जेनी करीब तीन महीने तक उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी। हरक सिंह के मुताबिक बाद में वह युवक जेनी को दिल्ली के बस अड्डे पर छोड़कर चला गया था।

यह बयान ऐसे समय आया है….जब जेनी ने 7 नवंबर को उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे। जेनी अपने 23 वर्षीय बेटे का पिता हरक सिंह रावत को बता रही हैं और इस मामले में डीएनए जांच कराने की मांग कर रही हैं।

वहीं हरक सिंह रावत इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं। उनका कहना है कि पुराने अस्पताल रिकॉर्ड और सीबीआई की ओर से पहले कराई गई डीएनए जांच में स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। इसी आधार पर वह जेनी के दावे पर सवाल उठा रहे हैं।

हरक सिंह रावत ने इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ नेता जेनी प्रकरण में सीबीआई की पुरानी जांच और डीएनए रिपोर्ट पर सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को उस समय हुई जांच पर भरोसा नहीं है तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के कार्यकाल में सीबीआई की ओर से की गई जांच को गलत मानती है।

इस पूरे प्रकरण में अब दोनों पक्षों के दावे एक-दूसरे के सामने हैं। जेनी जहां डीएनए जांच की मांग कर रही हैं, वहीं हरक सिंह रावत पुराने रिकॉर्ड और जांच का हवाला दे रहे हैं। ऐसे में यह मामला उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

ADVERTISEMENTSAdAd
Leave A Reply

Your email address will not be published.