खबर शेयर करें –
देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में महिला अधिकारी से छेड़छाड़ और एसएमएस भेजकर परेशान करने के आरोपों के बीच बुधवार को एक उपनल कर्मचारी की साथी कर्मचारियों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना सचिवालय स्थित एटीएम चौक के पास की बताई जा रही है। मामले के सामने आने के बाद सचिवालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सचिवालय प्रशासन ने जांच के बाद आरोपी उपनल कर्मचारी को सरेंडर करा दिया है।
जानकारी के अनुसार, सचिवालय में तैनात एक उपनल कर्मचारी पर महिला अनुभाग अधिकारी को परेशान करने और आपत्तिजनक एसएमएस भेजने के आरोप लगे थे। इससे नाराज सचिवालय के कर्मचारियों ने बुधवार को एटीएम चौक के पास उसे घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद मामला सचिवालय प्रशासन तक पहुंचा।
ADVERTISEMENTS
सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने पूरे घटनाक्रम से सचिवालय प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई। सचिव सचिवालय प्रशासन युगल किशोर पंत ने बताया कि उपनल के माध्यम से तैनात कर्मचारी लगातार सचिवालय में महिला अधिकारी को परेशान कर रहा था। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद संबंधित कर्मचारी को उपनल मुख्यालय भेजते हुए सरेंडर करा दिया गया है।
महिला कर्मचारी की शिकायत पर जांच जारी
सचिवालय में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा एक अन्य मामला भी जांच के दायरे में है। एक महिला कर्मचारी ने अपने अधिकारी पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। महिला की शिकायत के आधार पर सचिवालय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है। आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
महिला कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि : युगल किशोर पंत
सचिवालय प्रशासन के सचिव युगल किशोर पंत ने कहा कि महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायत सामने आते ही नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में जांच के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।।


