विद्या वाहिनी योजना से शिक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, साइकिल मिलने से छात्राओं और छात्रों का ड्रॉपआउट घटाने में मिलेगी मदद

नई दिल्ली, 01 अगस्त 2026 । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विद्या वाहिनी योजना का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा से जोड़कर रखना और स्कूल छोड़ने की बढ़ती समस्या को कम करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले कई छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन लंबी दूरी तय करके स्कूल जाना पड़ता है। परिवहन की सुविधा नहीं होने के कारण अनेक विद्यार्थी बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते हैं। ऐसे में सरकार द्वारा दी जाने वाली साइकिल उनके लिए एक बड़ा सहारा बनेगी।

छात्रों ने सीएम गुप्ता को भेंट किए चित्र

सीएम ने छात्राओं से लगन के साथ पढ़ाई करने, साइकल का जिम्मेदारी से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाए चित्र भी भेंट किए। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, स्थानीय विधायक, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को लाभ मिलेगा। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का स्कूल तक पहुंचना आसान होगा, समय की बचत होगी और नियमित उपस्थिति बढ़ेगी। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आने के साथ-साथ ड्रॉपआउट दर में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। विद्या वाहिनी योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य हर बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह योजना विशेष रूप से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का साधन उपलब्ध कराएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

क्या बोले शिक्षा मंत्री आशीष सूद

वहीं, शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि 9वीं में पहुंचने के बाद स्कूल की दूरी और ट्रांसपोर्ट संबंधी कठिनाइयों के कारण कई छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती रही है। यह योजना इन बाधाओं को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम है। दिल्ली सरकार प्रचार के बजाय शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए छात्राओं की वास्तविक जरूरतों पर काम कर रही है। इससे छात्राओं का समय बचेगा और स्कूलों में उपस्थिति बढ़ेगी।

सरकार का मानना है कि शिक्षा तक आसान पहुंच ही सामाजिक और आर्थिक विकास की मजबूत नींव है। इसलिए विद्या वाहिनी योजना के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्कूल से जोड़ने, उनकी पढ़ाई जारी रखने और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.