खबर शेयर करें –
देहरादून: भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट पर सफल आरोहण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में पहली बार सात हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली पर्वत चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की गई है। इस अभियान के दौरान शिखर पर उत्तराखंड का 2,500 वर्ग फुट का विशाल ध्वज भी फहराया गया।
सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर अभियान दल का फ्लैग-इन कर पर्वतारोहियों का स्वागत किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी सदस्यों को बधाई दी और कहा कि हिमालय की कठिन परिस्थितियों में शिखर तक पहुंचना साहस, अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का उदाहरण है।


यह पर्वतारोहण अभियान उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पहचान साहस, शौर्य और पर्वतारोहण की परंपरा से जुड़ी रही है। माउंट मुकुट ईस्ट की चोटी पर उत्तराखंड का विशाल ध्वज फहराया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की काफी संभावनाएं हैं। राज्य सरकार युवाओं को पर्वतारोहण और अन्य साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रयास कर रही है। ऐसे अभियान युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पण और कठिन परिस्थितियों में काम करने की प्रेरणा देते हैं।
एचएमआई दार्जिलिंग के प्राचार्य और अभियान के नेतृत्वकर्ता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। इस स्वर्ण जयंती के अवसर पर माउंट एवरेस्ट अभियान प्रस्तावित है। इसी की तैयारी के तहत पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट को दी गई है।
कर्नल जोशी के मुताबिक संयुक्त पर्वतारोहण अभियान 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चला। इस दौरान दल ने माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया। इससे पहले पर्वतारोहियों ने सिक्किम हिमालय में माउंट बी.सी. रॉय और माउंट थिंचेनखांग पर भी सफल चढ़ाई की थी।
इन अभियानों से पर्वतारोहियों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने, कठिन परिस्थितियों से निपटने और तकनीकी कौशल बेहतर करने का अनुभव मिला है। यह अनुभव प्रस्तावित एवरेस्ट अभियान में भी उपयोगी होगा।
मुख्यमंत्री ने अभियान दल को दी बधाई
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बल के जवानों का हिमालय की ऊंचाइयों पर यह उपलब्धि हासिल करना उनके प्रशिक्षण और साहस को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि माउंट मुकुट ईस्ट अभियान का अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित एवरेस्ट अभियान की तैयारियों में मददगार साबित होगा।
कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल और डीएस चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा और अभियान दल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
