खबर शेयर करें –
हल्द्वानी: हल्द्वानी निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन जोशी को भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश मीडिया टोली में प्रदेश मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद मीडिया टोली का विस्तार किया गया है।
भुवन जोशी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। इससे पहले वह प्रदेश सोशल मीडिया एवं आईटी संयोजक और मीडिया संपर्क विभाग में प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। हाल के समय में वह प्रदेश मीडिया टोली में ऊधमसिंह नगर जिला मीडिया प्रभारी के रूप में काम कर रहे थे।


पार्टी नेताओं के मुताबिक मीडिया और संगठन के बीच समन्वय के क्षेत्र में भुवन जोशी को लंबा अनुभव है। उनकी नई जिम्मेदारी से प्रदेश भाजपा की मीडिया गतिविधियों और संगठन से जुड़ी जानकारी को लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
भुवन जोशी की नियुक्ति पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला समेत भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि भुवन जोशी के संगठनात्मक अनुभव और मीडिया के साथ उनके बेहतर समन्वय को देखते हुए यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। इससे प्रदेश भाजपा और मीडिया के बीच संवाद को और मजबूत करने की उम्मीद है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर भुवन जोशी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही प्रदेश नेतृत्व, पार्टी पदाधिकारियों और मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाकर संगठन की गतिविधियों और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
ADVERTISEMENTS
