उत्तराखंड: ई-रिक्शा में सवार परिवार को कार ने मारी टक्कर; बच्चे समेत 3 की मौत !

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तिथौला गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों और पांच साल के बच्चे की जान चली गई…जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक ढंढेरा के मिलापनगर निवासी अरशद और दिलशाद अपने परिवार के साथ लक्सर क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बताया गया कि ई-रिक्शा में एक ही परिवार के करीब 13 लोग सवार थे।

रविवार देर शाम ई-रिक्शा जैसे ही तिथौला गांव के पास पहुंचा….सामने से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पहुंचकर घायलों को ई-रिक्शा से बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर मंगलौर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अरशद और दिलशाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय उमर की भी रास्ते में मौत होने की जानकारी सामने आई है।

हादसे में खतीजा, रिहाना, अमरिया, इनायत, आयत और अरहम समेत 10 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। इनमें से छह घायलों की हालत गंभीर बताई गई…जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शादी की तैयारियों की जगह मातम पसर गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मंगलौर पुलिस के उपनिरीक्षक महेश चंद ने बताया कि ई-रिक्शा में सवार परिवार अपनी बेटी का रिश्ता लेकर लक्सर जा रहा था। इसी दौरान कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

Leave A Reply

Your email address will not be published.