खबर शेयर करें –
कर्णप्रयाग: आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति गिरफ्तार, पुलिस ने जांच के बाद की कार्रवाई
कर्णप्रयाग। उत्तराखंड के कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को मेहरगांव निवासी धनोराम ने कर्णप्रयाग थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री ज्योति की 6 सितंबर को मौत हो गई थी। उन्होंने पति सूरज कुमार, जेठ विनोद कुमार, ससुर गोपाल लाल और सास तारा देवी पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने निष्पक्ष और प्रभावी विवेचना के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र राणा के पर्यवेक्षण में जांच आगे बढ़ाई गई।
पुलिस ने बताया कि मृतका के पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर 23 सितंबर को सूरज कुमार पुत्र गोपाल लाल, निवासी ग्राम सेन, थाना कर्णप्रयाग को धारा 108 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।
ADVERTISEMENTS
