हल्द्वानी :(बड़ी खबर) छात्र संघ चुनाव में अराजकता का प्रचार, लिंगदोह कमेटी की धज्जियां

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव के बीच देर रात बवाल, छींटाकशी के विवाद में मारपीट; पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद शहर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच बुधवार देर रात पनचक्की क्षेत्र से शुरू हुआ विवाद दुर्गा सिटी सेंटर तक पहुंच गया। युवतियों पर कथित छींटाकशी और फब्तियां कसने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

ADVERTISEMENTS

बताया जा रहा है कि कुछ छात्रनेता और उनके समर्थक पनचक्की क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान छात्राओं पर छींटाकशी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष दुर्गा सिटी सेंटर तक पहुंच गए, जहां मारपीट हुई। मारपीट में एक युवक के लहूलुहान होने की बात भी सामने आई है।

बैरिकेडिंग तोड़कर भागी तेज रफ्तार कार
विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान एमबीपीजी कॉलेज से कुल्यालपुरा चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। आरोप है कि कार चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास भी किया।

पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और उन्होंने तत्काल वायरलेस के माध्यम से आसपास की पुलिस को सूचना दी। हालांकि, कार सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

चुनावी माहौल में नियमों की अनदेखी पर भी सवाल

छात्रसंघ चुनाव के दौरान एमबीपीजी कॉलेज परिसर और आसपास लिंगदोह समिति की सिफारिशों के उल्लंघन के आरोप भी सामने आ रहे हैं। रंगीन पोस्टर, बड़े-बड़े बैनर और लाउडस्पीकर लगी गाड़ियों से प्रचार किए जाने की बात सामने आई है। कॉलेज गेट के बाहर बाहरी लोगों की भीड़ को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने कहा कि कॉलेज प्रशासन अपनी क्षमता के अनुसार लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन कराने का प्रयास कर रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन को पूरा कार्यक्रम दिया गया है और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रैली में छात्र को कार ने मारी टक्कर

इसी बीच नैनीताल रोड पर एमबीपीजी कॉलेज के पास एक छात्र नेता की रैली के दौरान भी हादसा सामने आया। तेज रफ्तार कार ने रैली में शामिल एक छात्र को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। दो अन्य छात्रों ने किसी तरह खुद को बचाया। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कहा कि पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

Leave A Reply

Your email address will not be published.