उत्तराखंड: कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर ठगी, इनाम के लालच में शिक्षक ने गंवाए 1.50 करोड़

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून: ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम जीतने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने रुद्रप्रयाग निवासी एक शिक्षक को लाखों नहीं….बल्कि करीब डेढ़ करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। ठगों ने फेसबुक पर KBC ऑनलाइन गेम के जरिए शिक्षक को चेहरा पहचानने वाली प्रतियोगिता में फंसाया। इसके बाद इनाम की रकम देने से पहले टैक्स और अन्य शुल्क जमा कराने के नाम पर लगातार पैसे लिए गए।

पीड़ित शिक्षक विमल सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS

शिकायत के अनुसार 14 जनवरी 2026 को विमल सिंह की नजर फेसबुक पर चल रहे KBC ऑनलाइन गेम के विज्ञापन पर पड़ी। इसमें चेहरा पहचानने की प्रतियोगिता के जरिए मोटी रकम जीतने का दावा किया गया था।

प्रतियोगिता में मुकेश अंबानी, अमिताभ बच्चन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें दिखाई गईं। शिक्षक ने इन चेहरों को पहचान लिया। इसके बाद उन्हें बताया गया कि एक सही चेहरा पहचानने पर 8.5 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।

जब शिक्षक ने अपनी जीती हुई रकम लेने के लिए संपर्क किया तो नितिन नाम के व्यक्ति ने उनसे बात की। शिकायत के मुताबिक उन्हें बताया गया कि रकम खाते में भेजने से पहले टैक्स जमा करना जरूरी है।

इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उनसे संपर्क किया जाने लगा। कभी टैक्स तो कभी दूसरे शुल्क के नाम पर रकम मांगी गई। ठगों ने कथित तौर पर आरबीआई से जुड़े दस्तावेज भी भेजे और शिक्षक को करोड़ों रुपये जीतने का भरोसा दिलाया।

शिकायत में शिक्षक ने बताया कि साइबर ठगों ने बाद में उन्हें कार जीतने की जानकारी भी दी। इस तरह इनाम और कार की रकम दिलाने के नाम पर भुगतान का सिलसिला चलता रहा।

बताया गया है कि 30 मार्च से शिक्षक से टैक्स के नाम पर रकम मंगाई जाने लगी। सितंबर तक अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।

पीड़ित के अनुसार ठगों को पैसे देने के लिए उन्होंने अपने बैंक खातों का इस्तेमाल किया। जब रकम कम पड़ने लगी तो परिचितों से उधार लेकर भी पैसे जमा किए गए। इस दौरान 50 से ज्यादा बार ट्रांजेक्शन किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक करीब 1.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने के बाद भी ठगों ने पैसे मांगना बंद नहीं किया। उनसे और रकम जमा करने के लिए कहा जाता रहा।

जब शिक्षक के पास पैसे नहीं बचे और लगातार भुगतान की मांग जारी रही तो उन्हें पूरे मामले पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर पुलिस से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटा रही है…जिनके माध्यम से शिक्षक से रकम ट्रांसफर कराई गई।

पुलिस ऑनलाइन गेम और इनाम के नाम पर होने वाली ठगी से लोगों को सावधान रहने की सलाह देती है। किसी प्रतियोगिता में इनाम जीतने के बाद टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे मांगे जाएं तो पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।

ADVERTISEMENTS

Leave A Reply

Your email address will not be published.