खबर शेयर करें –
‘सेंसलेस हो गए हैं राहुल गांधी, मां और बहन ने अच्छे संस्कार नहीं दिए’; PM मोदी की मां और अजीत डोभाल पर टिप्पणी को लेकर भड़के CM धामी
हरिद्वार : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी को लेकर निशाना साधा है। इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच सीएम धामी ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां के प्रति कथित तौर पर असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया।


सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उम्र और अनुभव में वरिष्ठ हैं और उन्होंने देश के लिए लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मां के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता रखी जानी चाहिए। धामी ने राहुल गांधी के रवैये को लेकर कहा कि इस पूरे मामले से उनकी सोच और राजनीतिक मर्यादा पर सवाल खड़े होते हैं।
अजीत डोभाल को लेकर भी राहुल गांधी पर हमला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल ने देश की सुरक्षा को मजबूत करने और सीमाओं की सुरक्षा क्षमता बढ़ाने में योगदान दिया है।
सीएम धामी ने अजीत डोभाल को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी राज्य के लोगों को भी आहत करती है। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से डोभाल को लेकर कही गई बातों को निंदनीय बताया।
सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र
धामी ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने कार्यक्रम में देश की सुरक्षा व्यवस्था और सैन्य अभियानों से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए राहुल गांधी के रुख पर सवाल उठाया।
इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान देश की व्यवस्था में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनएसए अजीत डोभाल समेत कई लोगों का जिक्र किया था। राहुल गांधी ने इन लोगों को उस व्यवस्था का हिस्सा बताया…जिसके बारे में उन्होंने कार्यक्रम में अपने विचार रखे थे।
बीजेपी और कांग्रेस के बीच बढ़ा विवाद
इंदौर कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां का अपमान हुआ। वहीं कांग्रेस की ओर से इसे मिमिक्री और राजनीतिक व्यंग्य के तौर पर पेश किया गया है। इस मुद्दे को लेकर दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
सीएम धामी ने इसी विवाद के बीच राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
