उत्तराखंड: यहां भालू का हमला, युवक गंभीर घायल, उधर गुलदार ने महिला को बनाया निशाना

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

नंदानगर में भालू का हमला, युवक गंभीर घायल; पौड़ी में गुलदार ने महिला को बनाया निशाना

चमोली/पौड़ी। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों की दहशत लगातार बढ़ती नजर आ रही है। चमोली के नंदानगर क्षेत्र में भालू ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि पौड़ी जिले में गुलदार ने मवेशियों को चारा देने गई महिला पर हमला कर दिया। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ADVERTISEMENTSAdAd

नंदानगर में भालू ने युवक को किया घायल
नंदानगर के बुरा गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 36 वर्षीय दिलबर सिंह गांव से करीब 15 मीटर दूर स्थित गौशाला में पशुओं को घास देने जा रहे थे। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया।

युवक के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनके पिता मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसके बाद भालू वहां से भाग गया। हमले में युवक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने घायल दिलबर सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई। विभाग की ओर से युवक के उपचार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

पौड़ी में गुलदार का महिला पर हमला

दूसरी घटना पौड़ी जिले के इडवालस्यूं क्षेत्र के कंडी गांव की है। यहां मवेशियों को चारा देने गई महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।

ग्राम प्रधान चक्रधर शंकर नौटियाल के मुताबिक, कंडी निवासी इंदु देवी भंडारी गांव के समीप छानी (गौशाला) में मवेशियों को चारा देने गई थीं। शाम करीब साढ़े छह बजे घर लौटते समय गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया।
हमले में महिला के सिर पर गुलदार के नाखूनों के गहरे घाव हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में करीब तीन महीने बाद गुलदार ने दोबारा हमला किया है। इससे पहले भी गुलदार की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है

Leave A Reply

Your email address will not be published.