जिस ‘बुलेटप्रूफ’ कार में चीन में पीएम मोदी ने की थी सवारीजिस ‘बुलेटप्रूफ’ कार में चीन में पीएम मोदी ने की थी सवारी,उसी से दिल्ली में रवाना हुए शी जिनपिंग
नई दिल्ली, 12 सितंबर 2026। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को सात साल बाद भारत पहुंचे। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे जिनपिंग के काफिले में उनकी खास आर्मर्ड लिमोजिन Hongqi N701 भी चर्चा में रही। पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने के बाद शी जिनपिंग इसी विशेष सुरक्षा वाली कार से अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हुए।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को दिल्ली पहुंचे।
यह पिछले सात वर्ष में उनकी पहली भारत यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम शी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे जिसमें व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। वहीं पालम एयरपोर्ट पर जिनपिंग के आते ही केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। फिर वो बख्तरबंद Hongqi N701 लिमोजीन कार से एयरपोर्स से बाहर निकले। इस दौरान सुरक्षा के तगड़े इंतजाम थे।
बेहद खास है Hongqi N701
Hongqi N701 सामान्य लग्जरी लिमोजिन से काफी अलग है। रिपोर्टों के मुताबिक इसमें मजबूत आर्मर प्लेटिंग, बुलेटप्रूफ ग्लास और सुरक्षा से जुड़े कई विशेष इंतजाम हैं। कार को इस तरह डिजाइन किया गया है कि उच्च स्तर के सुरक्षा खतरे की स्थिति में भी इसमें बैठे व्यक्ति को अतिरिक्त सुरक्षा मिल सके।
इस कार में V12 इंजन और एन्क्रिप्टेड सैटेलाइट कम्युनिकेशन जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है। इसकी सुरक्षा संरचना में एल्युमिनियम, सिरेमिक और स्टील जैसे मजबूत पदार्थों का इस्तेमाल बताया जाता है।
चीन के राष्ट्रपति की सुरक्षा का खास इंतजाम
शी जिनपिंग की दिल्ली यात्रा के लिए भारतीय और चीनी सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। एयरपोर्ट से लेकर होटल और भारत मंडपम तक उनके संभावित रूट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। BRICS सम्मेलन के चलते दिल्ली में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
जिनपिंग की सुरक्षा के लिए चीन की टीम भी पहले से दिल्ली पहुंची थी। उनकी कार और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी पहले से तैयारियां की गई थीं। ऐसे में पालम एयरफोर्स स्टेशन से Hongqi N701 में उनका रवाना होना सुरक्षा प्रोटोकॉल का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
सात साल बाद भारत आए शी जिनपिंग
शी जिनपिंग की यह भारत यात्रा कूटनीतिक लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। 2019 के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। दोनों देशों के रिश्तों में 2020 के गलवान संघर्ष के बाद तनाव बढ़ा था। हाल के वर्षों में दोनों पक्षों के बीच रिश्तों को सामान्य करने की कोशिशें हुई हैं और अब BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात पर दुनिया की नजर है।
कार से ज्यादा चर्चा सुरक्षा की
शी जिनपिंग की Hongqi N701 सिर्फ एक लग्जरी कार नहीं, बल्कि उनके सुरक्षा प्रोटोकॉल का अहम हिस्सा है। दिल्ली में इस कार का इस्तेमाल इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह चीन के शीर्ष नेतृत्व की सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से तैयार की गई है।
एक तरफ BRICS सम्मेलन में भारत और चीन के बीच कूटनीतिक बातचीत महत्वपूर्ण होगी, वहीं दूसरी तरफ जिनपिंग के काफिले, सुरक्षा इंतजाम और विशेष कार भी दिल्ली में लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। अब सबकी नजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात तथा दोनों देशों के बीच होने वाली अहम बातचीत पर है।