उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी खबर, अब पार्किंग को लेकर नहीं होगी इतनी परेशानी

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून: उत्तराखंड में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार का कहना है कि इससे पर्यटन स्थलों और चारधाम यात्रा मार्गों पर जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

आवास विभाग के अनुसार पिछले चार वर्षों में 63 पार्किंग परियोजनाओं का काम पूरा किया गया है। इन परियोजनाओं के तहत पर्वतीय जिलों में कुल 4202 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTSAdAd

इन जिलों में तैयार हुई पार्किंग

आवास विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा में 1087 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग विकसित की गई है। नैनीताल में 679, चंपावत में 600, उत्तरकाशी में 477, पिथौरागढ़ में 309 और रुद्रप्रयाग में 304 वाहनों की क्षमता तैयार की गई है।

इसी तरह पौड़ी में 256, चमोली में 201, टिहरी में 163 और बागेश्वर में 126 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की गई है।

अलग-अलग जरूरत के हिसाब से पार्किंग

सरकार के अनुसार जगह की उपलब्धता और स्थानीय जरूरत को देखते हुए अलग-अलग तरह की पार्किंग तैयार की गई हैं। इनमें सामान्य सरफेस पार्किंग के साथ बहुमंजिला पार्किंग और ऑटोमेटेड पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

नैनीताल में 700 वाहनों की पार्किंग पर काम

सरोवर नगरी नैनीताल में पार्किंग की समस्या को कम करने के लिए मेट्रोपोल होटल परिसर क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद यहां करीब 700 वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

कैंची धाम में भी बन रही मल्टीलेवल पार्किंग

कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसमें एक समय में 500 से अधिक वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इससे धाम आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग के लिए होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है।

आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार प्रदेश में पार्किंग सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। 63 पार्किंग परियोजनाओं के पूरा होने से पर्वतीय जिलों में पार्किंग व्यवस्था को मजबूती मिली है और इससे स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों व श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। पिछले वर्ष छह करोड़ से अधिक लोगों के प्रदेश में आने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। सरकार प्रमुख पर्यटन स्थलों और चारधाम यात्रा मार्गों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित करने पर लगातार जोर दे रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.